सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत 26 सितंबर से 5 अक्टूबर 2026 तक आयोजित ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम का शुभारंभ आज सीतापुर आंगनबाड़ी केन्द्र से हुआ। इस अवसर पर कलेक्टर श्री रत्नाकर झा आंगनबाड़ी केन्द्र पहुंचे और बच्चों से आत्मीय संवाद किया। उन्होंने बच्चों से उनकी पढ़ाई, खेल-कूद और दिनचर्या के बारे में बातचीत की। बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक कलेक्टर श्री झा से अपनी बातें साझा कीं।
कलेक्टर श्री झा ने आंगनबाड़ी केन्द्र में बच्चों को मिल रही सुविधाओं, पोषण आहार, स्वास्थ्य एवं प्रारंभिक शिक्षा की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से केन्द्र की गतिविधियों तथा बच्चों को दी जा रही सेवाओं की जानकारी भी ली।
इस दौरान कलेक्टर श्री झा ने बच्चों की माताओं से संवाद करते हुए उनके स्वास्थ्य एवं पोषण पर विशेष ध्यान देने तथा बच्चों को नियमित रूप से आंगनबाड़ी केन्द्र भेजने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि नियमित रूप से आंगनबाड़ी आने से बच्चों को पोषण, स्वास्थ्य एवं प्रारंभिक शिक्षा की सेवाओं का निरंतर लाभ मिलेगा। कार्यक्रम में बच्चों को उपहार स्वरूप पानी की बोतल भी प्रदान की गई।
‘आंगन मिलन सेवा’ के माध्यम से आंगनबाड़ी केन्द्रों को बच्चों, माताओं और परिवारों से जोड़ते हुए सेवा, पोषण, स्वास्थ्य एवं जनभागीदारी के केन्द्र के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। 26 सितंबर से 5 अक्टूबर तक जिले के विभिन्न आंगनबाड़ी केन्द्रों में कार्यक्रम आयोजित कर समुदाय को आंगनबाड़ी सेवाओं एवं विभागीय योजनाओं से जोड़ा जाएगा।
इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग श्रीमती संजीता भगत सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।





