मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, जिला बालाघाट के अंतर्गत नारी आजीविका महोत्सव एवं युवा उत्सव के तहत 17 सितंबर 2026 को ऑडिटोरियम हॉल, सांदीपनि विद्यालय में जिला स्तरीय ‘नमो युवा शक्ति’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य स्व-सहायता समूह की महिला सदस्यों एवं ग्रामीण Gen-Z महिलाओं में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, स्वास्थ्य, आत्मनिर्भरता और सशक्तिकरण की भावना को बढ़ावा देना रहा।कार्यक्रम का शुभारंभ सांसद बालाघाट-सिवनी भारती पारधी, नगर पालिका अध्यक्ष भारती ठाकुर एवं सांदीपनि विद्यालय के प्राचार्य राहंगडाले की उपस्थिति में दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस दौरान स्व-सहायता समूह की सदस्यों ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ से स्वागत किया।

कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं एवं प्रतिभागियों में उत्साह और उमंग का वातावरण रहा।योग ट्रेनर धर्मेंद्र बिसेन ने स्वस्थ जीवनशैली में योग एवं नियमित व्यायाम के महत्व की जानकारी दी। वहीं यातायात विभाग के अधिकारियों खूबसिंह बघेल, देवेंद्र मेश्राम, सुरेंद्र एवं महिला आरक्षक नीलिमा मरकाम ने सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों के पालन और नशे से दूर रहने का संदेश दिया। इस अवसर पर समूह की दीदी को हेलमेट भी प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में महिलाओं ने नशामुक्ति की शपथ ली।कार्यक्रम के दौरान स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने नृत्य एवं गायन सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। इसके अलावा खुर्सी दौड़, नींबू-चम्मच रेस, रस्साकसी एवं कबड्डी जैसी खेल प्रतियोगिताओं में Gen-Z महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिताओं के माध्यम से प्रतिभागियों में टीम भावना, आत्मविश्वास एवं नेतृत्व क्षमता को बढ़ावा मिला।उत्कृष्ट कार्य करने वाली स्व-सहायता समूह की दीदियों एवं लखपति दीदियों को प्रतीक चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।

खेल प्रतियोगिताओं में प्रथम एवं द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को भी पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों एवं समूह की दीदियों ने नाइट्रोजन गुब्बारे आकाश में छोड़कर महिलाओं के उज्ज्वल भविष्य एवं उनकी आकांक्षाओं की सफलता की कामना की।कार्यक्रम के अंत में जिला परियोजना प्रबंधन इकाई की श्वेता मेहतो ने सभी अतिथियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, योग ट्रेनर, स्व-सहायता समूह की दीदियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में जिला एवं विकासखंड कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारियों ने उपस्थित रहकर आयोजन को सफल बनाने में सहयोग किया।