मध्यप्रदेश शासन द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाए जा रहे ‘सेवा से संकल्प अभियान’ के अंतर्गत 19 से 21 सितंबर तक जिले के विद्यालयों में भाषण एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को एसडीएम विजय सिंह यादव सीनियर कन्या शाला मुंडीबाड़ा, कटंगी पहुंचे। उन्होंने कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन से किया।

इसके बाद कक्षा 9वीं से 12वीं तक की छात्राओं से संवाद करते हुए उन्हें शिक्षा, स्वास्थ्य, आत्मविश्वास और समाज में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।एसडीएम विजय सिंह यादव ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि 21वीं सदी बेटियों के नाम है। आज बालिकाएं शिक्षा, राजनीति, खेल, पत्रकारिता, प्रशासन सहित प्रत्येक क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और क्षमता का परिचय दे रही हैं।

उन्होंने कहा कि महिलाएं जितनी अधिक शिक्षित होंगी, समाज उतना ही अधिक परिष्कृत और सशक्त बनेगा। प्रत्येक बालक-बालिका के जीवन में शिक्षा की शुरुआत परिवार से होती है और इसमें मां की भूमिका महत्वपूर्ण होती है।उन्होंने छात्राओं से कहा कि वे सबसे पहले अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखें और स्वस्थ शरीर एवं स्वस्थ मस्तिष्क के साथ शिक्षा प्राप्त करते हुए अपने परिवार, समाज और राष्ट्र का नाम रोशन करें।

उन्होंने कहा कि आज ऐसा कोई क्षेत्र नहीं है, जहां महिलाओं ने अपनी योग्यता साबित न की हो। पार्षद से लेकर राष्ट्रपति पद तक महिलाओं ने अपनी जिम्मेदारी का सफलतापूर्वक निर्वहन किया है। इसलिए छात्राएं अपने लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर आगे बढ़ें।

चित्रों के माध्यम से छात्राओं ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा

संवाद के बाद एसडीएम ने विद्यालय में लगाई गई चित्रकला प्रदर्शनी का निरीक्षण किया। करीब एक दर्जन छात्राओं द्वारा बनाई गई चित्रकृतियों को उन्होंने देखा तथा छात्राओं से उनके चित्रों के विषय में जानकारी ली।

छात्राओं ने पर्यावरण संरक्षण, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, महिला सशक्तिकरण, स्वच्छता, पर्यावरण प्रदूषण सहित विभिन्न सामाजिक एवं समसामयिक विषयों पर चित्र बनाए थे।एसडीएम ने छात्राओं से उनके चित्रों से संबंधित प्रश्न भी किए और उनकी रचनात्मक सोच एवं ज्ञान की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में रचनात्मकता, आत्मविश्वास और विषयों को समझने की क्षमता विकसित करने में सहायक होती हैं।

इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष मुकेश चौकसे ने भी छात्राओं को संबोधित करते हुए निरंतर आगे बढ़ने तथा राष्ट्र एवं समाज के प्रति अपनी जवाबदेही और सशक्त भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि प्रभारी नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती धर्मकला देशमुख रहीं।

मंच संचालन संस्कृत आचार्य लाल बहादुर रहांगडाले ने किया।कार्यक्रम में भारत विकास परिषद के भूपेंद्र सिंह ठाकुर, सेवानिवृत्त शिक्षक तिलक चंद बिनाके, मंडल मंत्री सतीश सिंह सहित विद्यालय की प्राचार्य आरसी पटले, ब्लॉक शिक्षा अधिकारी चंद्र सिंह कुशराम एवं विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

छात्राओं ने बाजार के कारण होने वाली परेशानी से कराया अवगत

कार्यक्रम के समापन के बाद कक्षा 10वीं एवं 12वीं की छात्राओं ने एसडीएम विजय सिंह यादव के समक्ष विद्यालय आने-जाने के दौरान होने वाली परेशानी का मुद्दा भी उठाया। छात्राओं ने बताया कि शुक्रवार को विद्यालय के रास्ते में लगने वाले मछली बाजार तथा फल-सब्जी बाजार के कारण स्कूल की छुट्टी के बाद उन्हें रास्ते से निकलने में काफी परेशानी होती है।

छात्राओं की समस्या को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम ने तत्काल थाना प्रभारी कटंगी धर्मेंद्र कुशराम को निर्देश दिए कि शुक्रवार को विद्यालय की छुट्टी के समय दो से तीन पुलिसकर्मियों की ड्यूटी सुनिश्चित की जाए, ताकि छात्राएं बाजार क्षेत्र से निर्बाध एवं सुरक्षित रूप से आवागमन कर सकें।