माह के प्रथम कार्य दिवस पर कलेक्टर कार्यालय परिसर राष्ट्रभक्ति एवं प्रदेश गौरव के स्वरों से गूंज उठा। मध्यप्रदेश शासन, सामान्य प्रशासन विभाग के निर्देशानुसार आयोजित सामूहिक गायन कार्यक्रम में राष्ट्रगान, राष्ट्रगीत एवं मध्यप्रदेश गान की प्रस्तुति के माध्यम से राष्ट्र के प्रति सम्मान, एकता और कर्तव्यबोध का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में शासकीय कन्या हाई स्कूल बुनियादी झाबुआ की छात्राओं ने वाद्य यंत्रों की मधुर संगत के साथ राष्ट्रगान, राष्ट्रगीत एवं मध्यप्रदेश गान की सुमधुर प्रस्तुति दी। छात्राओं की अनुशासित प्रस्तुति में कलेक्टर कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी सहभागिता की। सामूहिक गायन से पूरा परिसर राष्ट्रभक्ति और प्रदेश के प्रति गौरव की भावना से सराबोर रहा।
कार्यक्रम के उपरांत कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने छात्राओं से संवाद कर उनका परिचय प्राप्त किया तथा उनकी प्रस्तुति की सराहना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी जीवन में शिक्षा के साथ अनुशासन, संस्कार और कर्तव्यबोध का विशेष महत्व है। विद्यार्थी अपनी प्रतिभा को पहचानकर निरंतर परिश्रम करें तथा अपने ज्ञान और कौशल का उपयोग समाज एवं राष्ट्र की प्रगति में सकारात्मक योगदान देने के लिए करें।
कलेक्टर डॉ. भरसट ने छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए उन्हें चॉकलेट वितरित कीं। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर आत्मविश्वास और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
तीरंदाजी में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों का किया सम्मान
इस अवसर पर खेल के क्षेत्र में राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का गौरव बढ़ाने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया। कलेक्टर डॉ. भरसट ने सीनियर स्टेट तीरंदाजी प्रतियोगिता में रजत पदक प्राप्त करने पर श्री पवन परमार तथा जूनियर स्टेट तीरंदाजी प्रतियोगिता में कांस्य पदक प्राप्त करने पर कु. मुस्कान भूरिया को सम्मानित किया। कलेक्टर ने दोनों खिलाड़ियों की उपलब्धि की सराहना करते हुए उन्हें आगामी प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री जितेन्द्रसिंह चौहान, अपर कलेक्टर श्री सी.एस. सोलंकी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


