मैहर, 01 अक्टूबर। अंतर्राष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस के अवसर पर वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, स्वास्थ्य एवं कल्याण के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। मां शारदा प्रबंध समिति वृद्धाश्रम में आयोजित कार्यक्रम विधायक श्री श्रीकांत चतुर्वेदी की उपस्थिति में संपन्न हुआ। षइस वर्ष की थीम “गरिमा के साथ वृद्धावस्था: वरिष्ठ नागरिकों के लिए देखभाल और समर्थन प्रणालियों को मजबूत करने का महत्व” के अनुरूप वरिष्ठ नागरिकों के लिए स्वास्थ्य परीक्षण, सम्मान एवं जागरूकता संबंधी गतिविधियां आयोजित की गईं। कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक श्री चतुर्वेदी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने वृद्धाश्रम में निवासरत वरिष्ठ नागरिकों का फूल-माला, श्रीफल एवं शॉल भेंट कर सम्मान किया। उन्होंने वरिष्ठजनों के प्रति प्रेम, सम्मान एवं संवेदना व्यक्त करते हुए उनके सुखी, स्वस्थ एवं सम्मानजनक जीवन की कामना की। विशेष स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से रक्तचाप, मधुमेह, नेत्र परीक्षण सहित अन्य सामान्य स्वास्थ्य जांच की गई। आवश्यकता के अनुसार वरिष्ठ नागरिकों को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श भी प्रदान किया गया। साथ ही उन्हें नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कराने एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए जागरूक किया गया। कार्यक्रम के दौरान विधायक श्री चतुर्वेदी ने वरिष्ठ नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं एवं सुझावों की जानकारी ली गई।शिविर में मनोरंजन एवं सक्रिय सहभागिता के लिए कैरम, लूडो, शतरंज तथा गीत-संगीत जैसी गतिविधियां भी आयोजित की गईं। वरिष्ठ नागरिकों को उनके अधिकारों एवं शासन द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी प्रावधानों की जानकारी भी दी गई। इस अवसर पर समिति सदस्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
सेहत
विधायक श्री चतुर्वेदी की उपस्थिति में अंतर्राष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस पर स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित

पोहा-जलेबी डेस्क · मैहर · 1 अक्टूबर 2026 · 2 मिनट
विधायक श्री चतुर्वेदी ने शिविर में वरिष्ठ नागरिकों का किया सम्मान



