इंदौर में 25 सितंबर को होने वाले अनंत चतुर्दशी गणेश प्रतिमा विसर्जन झांकी चल समारोह के दौरान बिजली व्यवस्था संभालने के लिए करीब 180 कार्मिक तैनात रहेंगे। इनमें 30 इंजीनियर भी शामिल होंगे।

मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी का इंदौर शहर वृत्त पिछले दस दिनों से समारोह की तैयारी कर रहा है। उच्चदाब और निम्नदाब से जुड़े दलों ने बिजली तंत्र का लगातार रखरखाव किया है।

खास बातें

  • मिल क्षेत्र से बजाजखाना तक सात किलोमीटर मार्ग पर तैयारी
  • बजाजखाना सब स्टेशन पर अस्थायी कंट्रोल सेंटर बनेगा
  • समारोह के दिन 30 इंजीनियरों समेत 180 कार्मिक देंगे सेवाएं

सात किलोमीटर के झांकी मार्ग पर सुधार

मिल क्षेत्र से बजाजखाना तक करीब सात किलोमीटर लंबे झांकी मार्ग पर ट्रांसफार्मरों में नए बॉक्स और ढक्कन लगाए गए हैं। यह काम संबंधित विद्युत जोन कार्यालयों की टीमों ने किया है।

मार्ग पर तारों और केबल की ऊंचाई की समीक्षा कर उन्हें पर्याप्त ऊंचाई पर किया गया है। बारिश के कारण बिजली के खंभों, केबल और ट्रांसफार्मरों पर झुकी पेड़ों की शाखाएं भी हटाई गई हैं।

बजाजखाना में बनेगा अस्थायी कंट्रोल सेंटर

शहर वृत्त के अधीक्षण यंत्री मनेंद्र गर्ग के अनुसार, जवाहर मार्ग के पास बजाजखाना सब स्टेशन में अस्थायी बिजली कंट्रोल सेंटर बनाया जाएगा। समारोह के दिन बिजली कंपनी के दल यहीं से व्यवस्थाओं पर नजर रखेंगे।

कलेक्टर, पुलिस आयुक्त और नगर निगम की टीम के निरीक्षण के दौरान बताए गए कार्यों और व्यवस्थाओं के आधार पर भी संधारण कराया गया है। कंपनी ने समारोह के लिए बिजली संबंधी व्यवस्थाएं उपलब्ध रखने की बात कही है।