शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, किला भवन, इंदौर के पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान विभाग द्वारा हिंदी पखवाड़े के अवसर पर 14 सितंबर से 28 सितंबर 2026 तक पुस्तक प्रदर्शनी एवं पुस्तक मेले का सफल आयोजन किया गया। आयोजन का उद्देश्य छात्राओं में पुस्तक पठन की संस्कृति को प्रोत्साहित करने, हिंदी भाषा एवं साहित्य के प्रति रुचि विकसित करने तथा ज्ञानार्जन की प्रवृत्ति को बढ़ावा देना था।
महाविद्यालय के संस्था प्रमुख डॉ. बी.डी. श्रीवास्तव के मार्गदर्शन एवं निर्देशन, प्रशासनिक अधिकारी डॉ. वी.पी. वैरागी के सक्रिय सहयोग तथा पुस्तकालय प्रभारी एवं पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. स्वाती सोनी के कुशल नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शनी में हिंदी भाषा एवं साहित्य की प्रतिष्ठित, महत्वपूर्ण एवं ज्ञानवर्धक पुस्तकों को प्रदर्शित किया गया।
पुस्तक प्रदर्शनी में हिंदी साहित्य के प्रमुख रचनाकारों की कालजयी कृतियों को विशेष रूप से स्थान दिया गया। इनमें मुंशी प्रेमचंद, महादेवी वर्मा, जयशंकर प्रसाद, रामधारी सिंह ‘ दिनकर ’ एवं हरिवंश राय बच्चन सहित अनेक प्रतिष्ठित साहित्यकारों की रचनाएं शामिल रहीं। प्रदर्शनी के माध्यम से छात्राओं को हिंदी साहित्य की समृद्ध परंपरा, विभिन्न साहित्यिक विधाओं तथा महत्वपूर्ण साहित्यकारों के योगदान से परिचित कराया गया।
आयोजन में महाविद्यालय की छात्राओं, प्राध्यापकों, सहायक प्राध्यापकों, जनभागीदारी शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। छात्राओं ने प्रदर्शित पुस्तकों का अवलोकन कर अपनी रुचि के अनुसार विभिन्न साहित्यिक एवं ज्ञानवर्धक पुस्तकों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। पुस्तक प्रदर्शनी ने छात्राओं को हिंदी साहित्य की विविधता एवं उसकी समृद्ध विरासत को समझने का अवसर प्रदान किया।
इस आयोजन के माध्यम से महाविद्यालय में पुस्तक संस्कृति, नियमित पठन-पाठन एवं साहित्यिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई। पुस्तक प्रदर्शनी एवं पुस्तक मेले का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।




