मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह ने शुक्रवार को ग्राम पंचायत कंजई पहुंचकर आंगनवाड़ी केंद्र एवं शासकीय स्कूल का निरीक्षण किया। उन्होंने बच्चों के बीच पहुंचकर उनकी शैक्षणिक एवं पोषण संबंधी स्थिति जानी तथा स्कूल और आंगनवाड़ी केंद्र में उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
आंगनवाड़ी केंद्र के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्रीमती सिंह ने बच्चों की उपस्थिति, पोषण की स्थिति एवं केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने बच्चों से सहज संवाद करते हुए उनकी गतिविधियों के बारे में भी जाना। केंद्र में साफ-सफाई, पेयजल एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का अवलोकन कर इन्हें बेहतर बनाए रखने के लिए संबंधित अमले से कहा।
विद्यार्थियों से सवाल पूछकर परखी शैक्षणिक समझ
शासकीय स्कूल के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्रीमती सिंह ने विद्यार्थियों से सीधे संवाद किया। उन्होंने विभिन्न विषयों से जुड़े प्रश्न पूछकर बच्चों की समझ और शैक्षणिक स्तर को परखा। विद्यार्थियों द्वारा दिए गए उत्तरों के आधार पर उन्होंने उनकी पढ़ाई की स्थिति के बारे में जानकारी ली।उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों की उपस्थिति, अध्ययन-अध्यापन की स्थिति तथा शैक्षणिक गतिविधियों के संबंध में चर्चा की।
उन्होंने कहा कि बच्चों की बुनियादी समझ मजबूत करना शिक्षा की पहली प्राथमिकता होनी चाहिए। कमजोर विद्यार्थियों को चिन्हित कर उनके लिए अतिरिक्त अभ्यास एवं व्यक्तिगत मार्गदर्शन की व्यवस्था की जाए, ताकि वे भी अपनी कक्षा के अनुरूप शैक्षणिक स्तर हासिल कर सकें।उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित रूप से विद्यालय आने, मन लगाकर पढ़ाई करने तथा अपनी जिज्ञासाओं को शिक्षकों के साथ साझा करने के लिए प्रेरित किया।
साफ-सफाई और मूलभूत सुविधाओं का भी लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने स्कूल एवं आंगनवाड़ी परिसर में साफ-सफाई, पेयजल सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति देखी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कहा कि बच्चों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित एवं अनुकूल वातावरण बनाए रखना आवश्यक है। परिसर की स्वच्छता और आवश्यक सुविधाओं की नियमित निगरानी की जाए।


